दुधिया, 8 जुलाई (नि.सं.)। भारतीय सेना की पहल पर मिरिक और सिलीगुड़ी के बीच संपर्क फिर से बहाल होने जा रहा है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बेली ब्रिज का उद्घाटन किया।
गौरतलब है कि 18 जून को दुधिया के बलासन नदी पर बना अस्थायी ह्यूम पाइप का पुल टूट जाने से सिलीगुड़ी-मिरिक संपर्क पूरी तरह बाधित हो गया था। इसके बाद सेना ने पहल करते हुए एक ओर फुट ब्रिज तैयार किया और साथ ही 60 मीटर लंबा बेली ब्रिज भी बनाया।
स्थानीय लोगों की मांग को ध्यान में रखते हुए 23 जून को सेना द्वारा फुट ब्रिज तैयार किया गया, जिसके जरिए आम लोगों की आवाजाही शुरू हुई। अंततः सेना की तत्परता से बलासन नदी पर बेली ब्रिज का निर्माण पूरा हुआ। बुधवार को मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से इस पुल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी और सेना के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने सेना के प्रयासों की सराहना किया। पुल के उद्घाटन के बाद स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है।
इस संबंध में जिलाधिकारी ने बताया कि लगभग 200 मीटर का एप्रोच रोड तैयार किया गया है और रिकॉर्ड समय में इस बेली ब्रिज का निर्माण हुआ है। इस पुल से 9 मीट्रिक टन तक के वाहनों की आवाजाही संभव होगी, हालांकि भारी वाहनों को अनुमति नहीं दी जाएगी। कुछ कार्य अभी शेष हैं, लेकिन संभवतः कल या परसों से यातायात शुरू हो जाएगा। वहीं, स्थायी पुल का निर्माण कार्य भी जारी है, जिसे अगले वर्ष मार्च तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
