राजगंज, 28 जुलाई (नि.सं.)। राजगंज ब्लॉक के शिकारपुर ग्राम पंचायत में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) द्वारा जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। पंचायत में अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए भाजपा कार्यकर्ता पंचायत प्रधान प्रभा कुजूर के कार्यालय पहुंचे और जमकर हंगामा किया।
विरोध प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गया जब तृणमूल कांग्रेस के पंचायत सदस्यों और नेताओं पर कथित तौर पर ‘अंडा’ फेंके गए। इस घटना के बाद पंचायत परिसर में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया।
भाजपा का आरोप है कि शिकारपुर ग्राम पंचायत में कई तरह की अनियमितताएं हैं। विकास कार्य ठीक से नहीं हो रहे हैं, पंचायत के कैजुअल स्टाफ अपना काम सही ढंग से नहीं कर रहे हैं और ‘अन्नपूर्णा भंडार’ योजना के कार्य भी पूरे नहीं हुए हैं। इन आरोपों को लेकर ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और तृणमूल नेताओं के खिलाफ आक्रोश जताया। घटना की सूचना मिलते ही बेलाकोबा फाड़ी की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया।
