सिलीगुड़ी, 28 जुलाई (नि.सं.)। सिलीगुड़ी शहर के कई नर्सिंग होम में मंगलवार सुबह से आयकर विभाग द्वारा व्यापक छापेमारी अभियान शुरू किया गया है। सुबह से ही आयकर विभाग के अधिकारियों को विभिन्न नर्सिंग होम में प्रवेश करते देखा गया, जिससे चिकित्सा जगत और पूरे शहर में हड़कंप मच गया है।
सिलीगुड़ी के पाकुड़तला मोड़ के पास स्थित न्यू रामकृष्ण सेवासदन में सुबह से ही आयकर विभाग की एक विशेष टीम जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि अधिकारी नर्सिंग होम के वित्तीय दस्तावेज, लेखा-जोखा, कर संबंधी कागजात और अन्य महत्वपूर्ण फाइलों की जांच कर रहे हैं।
अभियान के दौरान नर्सिंग होम के बाहर केंद्रीय बल के जवानों को तैनात किया गया है। हालांकि, यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं बाधित न हों।
केवल न्यू रामकृष्ण सेवासदन ही नहीं, बल्कि सिलीगुड़ी के अन्य कई नर्सिंग होम में भी एक साथ आयकर विभाग की कार्रवाई चल रही है। हालांकि, कुल कितने संस्थानों में यह छापेमारी हो रही है, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
इस पूरे मामले पर आयकर विभाग के अधिकारी कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। प्रारंभिक अनुमान है कि वित्तीय लेन-देन, आयकर से जुड़े दस्तावेज और खातों में किसी भी तरह की गड़बड़ी की जांच के लिए यह कार्रवाई की जा रही है।
