सिलीगुड़ी, 28 जुलाई (नि.सं.)। सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस की टूरिस्ट हेल्पलाइन एक बार फिर पर्यटकों के लिए मददगार साबित हुई। कूचबिहार के निवासी बकुल बर्मन ने सिलीगुड़ी से गंगटोक यात्रा के दौरान ड्राइवर द्वारा लिए गए अतिरिक्त रुपये वापस न मिलने की शिकायत दर्ज कराई थी।
जानकारी के अनुसार, 11 जुलाई को बकुल बर्मन सिलीगुड़ी से गंगटोक जा रहे थे, इस दौरान उन्होंने ड्राइवर को 459 रुपये अतिरिक्त दे दिए थे। बाद में ड्राइवर ने वह रकम वापस नहीं की। इसके बाद बकुल बर्मन ने सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस के टूरिस्ट हेल्पलाइन नंबर पर 14 जुलाई को शिकायत की।
शिकायत मिलते ही जंक्शन ट्रैफिक गार्ड के पुलिस कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मामले की जांच की और बकुल बर्मन को उनके 459 रुपये वापस दिलवाए।
पैसे वापस मिलने पर बकुल बर्मन ने सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस का आभार व्यक्त किया। पुलिस की तत्परता से एक बार फिर यह साबित हुआ कि टूरिस्ट हेल्पलाइन सेवा यात्रियों के लिए भरोसेमंद और कारगर है।
