नक्सलबाड़ी, 28 फरवरी (नि.सं)। खाद्य की तलाश में हाथियों का एक दल शुक्रवार रात नक्सलबाड़ी के बेंगाइजोत इलाके में घुस आया। यह घटना नक्सलबाड़ी क्षेत्र की है, जहां देर रात ग्रामीणों में दहशत फैल गई।जानकारी के मुताबिक, टुकुरियाझाड़ जंगल से निकला हाथियों का झुंड रात के अंधेरे में रिहायशी इलाके में पहुंच गया। सबसे पहले हाथियों ने खेतों में खड़ी गन्ने की फसल को नुकसान पहुंचाया, इसके बाद वे आलू के खेत में घुस गए। बताया जा रहा है कि झुंड में एक शावक समेत कुल 11 हाथी शामिल थे। हाथियों के हमले से कई बीघा जमीन पर लगी आलू और गन्ने की फसल बर्बाद हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही टुकुरियाझाड़ वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन कर्मियों के पहुंचते ही हाथियों का दल वापस जंगल की ओर लौट गया। बताया जा रहा है कि यह झुंड दो दिन पहले ही टुकुरियाझाड़ जंगल में दाखिल हुआ था। स्थिति को देखते हुए वन विभाग द्वारा आसपास के गांवों में माइकिंग कर लोगों को सतर्क किया जा रहा है, ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो।
