नक्सलबाड़ी, 28 फरवरी (नि.सं)। अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है। विभिन्न इलाकों के साथ-साथ नक्सलबाड़ी बीडीओ कार्यालय में भी पूर्ण सूची पहुंच गई है। प्रशासन की ओर से यह सूची सभी बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) को सौंप दी गई है।
सूची जारी होने से पहले बीडीओ कार्यालय में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। सिलीगुड़ी महकमा शासक कार्यालय से सूची पहुंचने के बाद संबंधित अधिकारियों के बीच उसका वितरण किया गया।
बीएलओ के अनुसार, किसी बूथ में 19 तो किसी बूथ में 22 नाम हटाए गए है।
चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, दार्जिलिंग जिला में कुल 23,179 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए है, जबकि 80,003 नाम अभी भी विचाराधीन है। जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 10,68,420 बताई गई है।
