नाबालिग के अपहरण के आरोप में प्रेमी गिरफ्तार

सिलीगुड़ी, 17 फरवरी  (नि.सं)। सिलीगुड़ी में 16 वर्षीय नाबालिग लड़की के अपहरण के आरोप में प्रधान नगर थाने की पुलिस ने उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान साहनूर हसन (22) के रूप में हुई है, जो हल्दीबाड़ी का निवासी बताया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, नाबालिग बीते रविवार से अपने घर से लापता थी। परिजनों ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान एक एनजीओ की मदद से जंक्शन इलाके से नाबालिग को सकुशल बरामद किया गया। उसके साथ मौजूद साहनूर हसन को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध था और संभवतः शादी के इरादे से घर से भागे थे। बताया जा रहा है कि नाबालिग का ननिहाल हल्दीबाड़ी में है, जहां दोनों की जान-पहचान हुई थी जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपहरण की धाराओं में मामला दर्ज कर उसे सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया है। मामले की जांच जारी है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *