राजगंज, 17 फरवरी (नि.सं)। राजगंज में युवा साथी, लक्ष्मी भंडार सहित विभिन्न योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए टैबेलो का शुभारंभ किया गया है। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से राजगंज में विशेष टैबेलो की शुरुआत की गई है। मंगलवार को राजगंज बीडीओ कार्यालय के समीप फायर ब्रिगेड ग्राउंड में आयोजित ‘स्वनिर्भर बंगला’ रजिस्ट्रेशन कैंप के सामने से टैबेलो को रवाना किया गया। टैबेलो को एडीएम रौनक अग्रवाल, जलपाईगुड़ी जिला परिषद की सभाधिपति कृष्णा राय बर्मन, राजगंज के विधायक खगेश्वर राय, राजगंज पंचायत समिति की अध्यक्ष रुपाली दे सरकार तथा बीडीओ सौरभ कांति मंडल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके अलावा पंचायत समिति सदस्य सर्वाणी धारा, समाजसेवी अरिंदम बनर्जी, माजियाली ग्राम पंचायत के प्रधान सुमित दत्त, सुखानी ग्राम पंचायत के प्रधान परिमल राय समेत कई लोग मौजूद रहे।इस टैबेलो के माध्यम से युवा साथी, लक्ष्मी भंडार और खेत मजदूर योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी एवं आवेदन प्रक्रिया के बारे में लोगों को जागरूक किया जाएगा।एडीएम रौनक अग्रवाल ने बताया कि यह टैबेलो जिले के प्रत्येक ब्लॉक में जाकर योजनाओं के लाभ और आवेदन प्रक्रिया के बारे में जानकारी देगा। उन्होंने कहा कि 26 फरवरी तक यह टैबेलो पूरे जिले के विभिन्न ब्लॉकों का भ्रमण करेगा।
