राजगंज में जंगली सूअर के हमले में एक व्यक्ति की मौत, 2 घायल

राजगंज, 9 जनवरी(नि.सं.)। जंगली सूअर के हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए है। यह घटना गुरुवार दोपहर राजगंज ब्लॉक के शिकारपुर ग्राम पंचायत अंतर्गत फुलाती पाड़ा गांव में हुई।


मृतक की पहचान रातिया उरांव (48) के रूप में हुई है, जो पेशे से चाय बागान के मजदूर थे। घायलों के नाम बबलू उरांव और मदन माझी हैं। बबलू उरांव को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि मदन माझी की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जलपाईगुड़ी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में चल रहा है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, गुरुवार दोपहर रातिया उरांव घर के पास स्थित चाय बागान में काम करने के बाद एक पेड़ के नीचे बैठकर आराम कर रहे थे। तभी अचानक एक जंगली सूअर ने उन पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में वह जमीन पर गिर पड़े। उसी समय जंगली सूअर ने दो अन्य लोगों पर भी हमला कर दिया। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से रातिया उरांव को तुरंत जलपाईगुड़ी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


आज मृतक के घर राजगंज के विधायक खगेश्वर राय पहुंचे। उनके साथ राजगंज पंचायत समिति की अध्यक्ष रुपाली दे सरकार, ब्लॉक अध्यक्ष अरिंदम बनर्जी, रणबीर मजूमदार सहित अन्य स्थानीय नेता मौजूद थे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में आए दिन हाथी सहित अन्य जंगली जानवरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। वन विभाग की ओर से पर्याप्त गश्त नहीं होने के कारण इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द से जल्द अतिरिक्त निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है।
 इस संबंध में विधायक खगेश्वर राय ने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है। उनके क्षेत्र में पहली बार जंगली सूअर के हमले में किसी की मौत हुई है। उन्होंने परिवार से मिलकर संवेदना जताई और कहा कि वन विभाग की ओर से सरकारी नियमों के अनुसार मुआवजे की व्यवस्था की जाएगी।

वहीं, बेलाकोबा रेंज ऑफिसर राजकुमार पाल ने बताया कि जंगली सूअर के हमले में तीन लोग घायल हुए थे, जिनमें से एक की मौत हो गई है। मृतक के परिवार को वन विभाग के नियमों के अनुसार मुआवजा दिया जाएगा। संभवतः जंगली सूअर पास के जंगल से भटककर गांव में आया था। फिलहाल वन विभाग की ओर से इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *