सिलीगुड़ी,17 फरवरी (नि.सं)। सिलीगुड़ी नगर निगम के वार्ड नंबर 40 स्थित शरतचंद्र पल्ली इलाके में लंबे समय से ड्रेन की हालत खराब बनी हुई है।ड्रेन में पानी जमा रहने से गंदगी फैल रही है और आसपास दुर्गंध का माहौल बना हुआ है। इससे स्थानीय लोग काफी परेशान है।
इलाके के निवासियों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर कई बार पार्षद का ध्यान आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। बार-बार शिकायत के बावजूद काम शुरू नहीं होने से लोगों में नाराज़गी बढ़ती जा रही है।
हाल ही में स्थिति का जायजा लेने के लिए डिप्टी मेयर रंजन सरकार मौके पर पहुंचे थे। निरीक्षण के बाद उन्होंने कहा कि समस्या को स्वयं देखा है। संबंधित विभाग से बात कर जल्द से जल्द मरम्मत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए है। उन्होंने आश्वासन दिया कि बहुत जल्द काम शुरू कर दिया जाएगा।
