जलपाईमोड़ में चार गायें जब्त, एक व्यक्ति हिरासत में  

सिलीगुड़ी, 28 अप्रैल (नि.सं.)। जलपाईमोड़ इलाके में मंगलवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब संदेह के आधार पर गाय ले जा रहे एक व्यक्ति को स्थानीय लोगों और गौ रक्षकों ने पकड़ लिया। मिली जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति चार गायों को पैदल लेकर जा रहा था। इसी दौरान जलपाईमोड़ इलाके में विश्व हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने उसे रोककर गायों से संबंधित कागजात दिखाने को कहा। लेकिन वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाने पर तुरंत प्रशासन को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने व्यक्ति से पूछताछ की और उसे हिरासत में ले लिया। साथ ही, चारों गायों को भी अपने कब्जे में ले लिया। स्थानीय गौ रक्षकों ने मांग की है कि गायों को जल्द से जल्द गौशाला भेजा जाए, ताकि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। वहीं, आरोप लगाया जा रहा है कि हर मंगलवार माटीगाड़ा से फुलबाड़ी की ओर इस तरह गायों को ले जाया जाता है।हिरासत में लिए गए व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि उसे इस काम के लिए 300 रुपये दिए जाते हैं, लेकिन गायों से जुड़े दस्तावेजों के बारे में उसे कोई जानकारी नहीं है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *