उत्तर बंगाल, समाचार, सिलीगुड़ी
किशनगंज से स्कूटी पर पहुंचे दंपति को एसओजी और एनजेपी थाना पुलिस ने 300 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ किया गिरफ्तार
सिलीगुड़ी, 28 अप्रैल (नि.सं.)। सिलीगुड़ी में मादक तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 300 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक दंपति को गिरफ्तार किया है।
एसओजी और एनजेपी थाना की सादे कपड़ों में पुलिस की संयुक्त टीम ने विश्व बंगला शिल्पी हाट के पास छापेमारी कर यह सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एमडी जहांगीर (32) और उसकी पत्नी साब्बो बेगम (28) के रूप में हुई है, जो कोयला डिपो इलाके के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक दंपति मादक पदार्थ को स्कूटी से लेकर किशनगंज से सिलीगुड़ी आ रहा है। जो शहर में प्रवेश करने वाला है। इसके बाद टीम ने विश्व बंगला शिल्पी हाट के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध स्कूटी को रोका। तलाशी के दौरान स्कूटी से 300 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। बरामदगी के बाद दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। एनजेपी थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया गया। पुलिस अब इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है।
