फूलबाड़ी, 5 अगस्त (नि.सं.)। बैंक जाने के दौरान हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। मृतका का नाम अंजलि राय है। वह फूलबाड़ी 2 नंबर ग्राम पंचायत के पुटिमारी लक्ष्मी जोत गांव की निवासी थी।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सोमवार को अंजलि राय अपनी बहू और नतनी के साथ डीबीटी लिंक कराने के उद्देश्य से टोटो में सवार होकर फूलबाड़ी की ओर जा रही थी। आरोप है कि घर से निकलकर फूलबाड़ी कैनाल रोड पर पहुंचते ही सामने से आ रहे एक अन्य वाहन के साथ टोटो की टक्कर हो गई।
टक्कर के जोरदार प्रभाव से अंजलि राय टोटो से छिटककर सड़क पर गिर पड़ी और उनके ऊपर टोटो पलट गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इस हादसे में उनकी नतनी को मामूली चोटें आई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें फूलबाड़ी के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मंगलवार को उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद जब शव घर लाया गया तो परिवार के सदस्य फूट-फूट कर रो पड़े। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है।
