सिलीगुड़ी, 21 मई (नि.सं.)। आशीघर फाड़ी संलग्न नरेश मोड़ इलाके में मोबाइल टावर लगाने को लेकर गुरुवर को भारी बवाल देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे पूरे इलाके में तनाव फैल गया।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, नरेश मोड़ स्थित एक बहुमंजिला इमारत की छत पर मोबाइल टावर लगाने को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि मकान मालिक ने बिना इलाके के लोगों की अनुमति और जानकारी के चुपचाप टावर लगाने का काम शुरू कर दिया।
पहले विरोध के चलते काम रोक दिया गया था, लेकिन हाल ही में दोबारा काम शुरू होने से लोगों का गुस्सा भड़क उठा। गुरुवार बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा होकर संबंधित मकान के सामने प्रदर्शन करने लगे और सड़क जाम कर दी।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर आशीघर फाड़ी की पुलिस और केंद्रीय बल पहुंची। इसी दौरान डाबग्राम-2 अंचल की प्रधान मिताली मालाकार भी मौके पर पहुंची, लेकिन प्रदर्शनकारियों के विरोध के चलते उन्हें वहां से वापस लौटना पड़ा। काफी देर तक चले विरोध के बाद आखिरकार जाम हटा लिया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि टावर लगने से बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ सकता है। साथ ही आरोप है कि मकान मालिक ने बिना जरूरी अनुमति के काम शुरू किया।
वहीं, मकान मालिक ने बताया कि फिलहाल काम रोक दिया गया है। टावर कंपनी के प्रतिनिधियों के आने के बाद पुलिस की मौजूदगी में बैठक कर आगे का निर्णय लिया जाएगा।
