माटीगाड़ा, 9 अप्रैल (नि.सं.)। माटीगाड़ा थाना के शिवमंदिर हालेर माथा इलाके में पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस ने फरार पति को मालदा से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी ने अपनी पत्नी की गला दबाकर और तकिए से सांस रोककर हत्या की थी। मिली जानकारी के मुताबिक बीते कल सुबह अनिंदो बनर्जी ने खुद पुलिस को फोन कर बताया कि उसने अपनी पत्नी देवलिना बनर्जी की हत्या कर दी है और शव उसके घर में ही मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चार मंजिला इमारत से कंबल में लिपटा शव बरामद किया। घटना के बाद आरोपी अपने बच्चे को लेकर फरार हो गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे मालदा से गिरफ्तार कर माटीगाड़ा थाने लाया। मृतका देवलिना बनर्जी पेशे से एक स्कूल शिक्षिका थी। उनका पति बैंक कर्मचारी बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में पुलिस का अनुमान है कि पारिवारिक विवाद के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया है।
हत्या के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।आज आरोपी को सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया गया।जहां से उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
