सिलीगुड़ी, 15 अप्रैल (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के इस्कॉन रोड पर ‘श्री राम सेवा परिवार’ की पहल पर ‘राम महल’ का निर्माण किया गया है। आगामी 29 अप्रैल को इस राम महल का उद्घाटन होगा।
जानकारी के अनुसार, अयोध्या से ‘मंगल प्रदीप’ लाया जाएगा। आज कमेटी की ओर से एक प्रतिनिधि दल अयोध्या के राम मंदिर के लिए रवाना हुआ है। वहां से दीप प्रज्वलित कर उसे सिलीगुड़ी के राम महल में लाया जाएगा। इसी पवित्र ज्योति के माध्यम से नव-निर्मित राम महल का उद्घाटन और कार्यक्रम संपन्न होगा। साथ ही यहां रामलला की मूर्ति की स्थापना की जाएगी।
‘श्री राम सेवा परिवार’ का यह प्रोजेक्ट केवल एक मंदिर नहीं, बल्कि सेवा और जनकल्याण का एक संगम है। इस राम महल में बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए रोजगार के उद्देश्य से ‘सुलोचना मानसी स्किल्स सेंटर’ बनाया गया है। इसके अलावा जरूरतमंदों के लिए अन्न सेवा की व्यवस्था भी की गई है।
आगामी 29 अप्रैल को होने वाले उद्घाटन समारोह में हिंदू रत्न डॉ. स्वामी श्री सदानंद महाराज उपस्थित रहेंगे। राम महल के उद्घाटन को लेकर सिलीगुड़ी में उत्सव का माहौल बना हुआ है।
