तृणमूल उम्मीदवार स्वप्ना बर्मन ने जारी किया घोषणापत्र! राजगंज के विकास के लिए किए कई बड़े वादे

राजगंज, 14 अप्रैल (नि.सं.)। राजगंज विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार स्वप्ना बर्मन ने आगामी चुनाव से पहले अपना चुनावी घोषणापत्र जारी किया है। बेलाकोबा स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए इस घोषणापत्र का औपचारिक ऐलान किया गया।
घोषणापत्र में राजगंज के समग्र विकास के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं का वादा किया गया है। बच्चों और परिवारों के मनोरंजन के लिए चिल्ड्रेन पार्क बनाने, ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा और आपात सेवाओं को मजबूत करने के लिए एक फायर स्टेशन स्थापित करने की बात कही गई है।
स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कालीनगर और मालिविटा के स्वास्थ्य केंद्रों को 10-बेड के अस्पताल में अपग्रेड करने की योजना है। साथ ही टाकीमारी में एक नया हेल्थ सेंटर बनाने का भी वादा किया गया है।

शिक्षा के क्षेत्र में बिन्नागुड़ी इलाके में एक महिला कॉलेज स्थापित करने की घोषणा की गई है, जहां राजबंशी भाषा को अनिवार्य विषय के रूप में शामिल किया जाएगा। इसके अलावा वीर चिला राय और पंचानन बर्मा के इतिहास को भी पाठ्यक्रम में जोड़ा जाएगा।

धार्मिक और पर्यटन विकास के तहत देवी चौधुरानी मंदिर, भ्रामरी देवी मंदिर और तीस्ता बैराज इलाके को जोड़कर एक टूरिज्म सर्किट विकसित करने की योजना है, जिससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। किसानों के हित में बेलाकोबा किसान मंडी के पास एक मल्टीपर्पज कोल्ड स्टोरेज बनाने का भी प्रस्ताव रखा गया है।

इस मौके पर स्वप्ना बर्मन ने कहा कि राजगंज का सर्वांगीण विकास ही उनका मुख्य लक्ष्य है और घोषणापत्र में किए गए हर वादे को पूरा करने के लिए वे प्रतिबद्ध हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes