सिलीगुड़ी, 23 मई (नि.सं.)। शहर में मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई के तहत पुलिस को एक और सफलता मिली है। आशिघर चौकी पुलिस ने छोटे फापड़ी इलाके में छापेमारी कर प्रतिबंधित कफ सिरप के साथ दो को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिशा देव और सुकमिति लिम्बु के रूप में हुई है, जो दोनों छोटे फापड़ी क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में प्रतिबंधित कफ सिरप की खरीद-फरोख्त होने वाली है। इसके आधार पर पुलिस ने तुरंत अभियान चलाया और एक युवक व युवती को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद दो बैग से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया गया। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
