सिलीगुड़ी, 13 अगस्त (नि.सं.)। आधार ई-केवाईसी अपडेट कराने के लिए बुधवार रात सिलीगुड़ी हेड पोस्ट ऑफिस के बाहर आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, आधार KYC अपडेट के लिए प्रतिदिन निर्धारित संख्या में लोगों को ही सेवा दी जाती है। इसके चलते सेवा प्राप्त करने के लिए लोगों को पहले से ही पोस्ट ऑफिस के गेट के बाहर रखी एक रजिस्टर में अपना नाम दर्ज कराना पड़ रहा है। बुधवार शाम से ही शहर के विभिन्न इलाकों से लोग पहुंचकर रजिस्टर में अपना नाम दर्ज कराने लगे है। इसके बाद पोस्ट ऑफिस खुलने का इंतजार करते हुए कई लोगों को पूरी रात वहीं गुजारनी पड़ रही है।
प्रतीक्षारत लोगों का आरोप है कि पोस्ट ऑफिस के बाहर रखे रजिस्टर में नाम दर्ज कराने के बाद यदि कोई व्यक्ति वहां से चला जाता है, तो उसका नाम काट दिया जाता है। ऐसे में नाम दर्ज कराने के बाद अपनी बारी बनाए रखने के लिए लोगों को रातभर वहीं इंतजार करना पड़ रहा है। इससे आम लोगों को भारी परेशानी और असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
