जलपाईगुड़ी, 23 जुलाई (नि.सं.)। वन विभाग के पिंजरे में एक तेंदुआ पकड़ा गया है, जिससे चाय बागान के मजदूरों ने राहत की सांस ली है। गुरुवार सुबह डुआर्स के गयेरकाटा चाय बागान के 10 नंबर सेक्शन में वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे में तेंदुआ फंस गया।
जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से चाय बागान इलाके में तेंदुए की आवाजाही देखी जा रही थी। साथ ही बकरियों और मवेशियों के गायब होने की शिकायतें भी सामने आई थी, जिससे मजदूरों और उनके परिवारों में दहशत का माहौल था।
स्थिति को देखते हुए बुधवार को बिन्नागुड़ी वन्यजीव स्क्वॉड ने पंप हाउस के पास एक बकरी को चारे के रूप में रखकर पिंजरा लगाया था। गुरुवार सुबह मजदूरों ने तेंदुए की दहाड़ सुनी और मौके पर जाकर देखा कि तेंदुआ पिंजरे में कैद है। इसके बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए को सुरक्षित रूप से अपने कब्जे में लेकर ले गई।
