सिलीगुड़ी, 23 जुलाई (नि.सं.)। केंद्र सरकार की जल जीवन मिशन योजना के तहत एचडीपीई पाइप चोरी मामले में प्रधान नगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम संजय बनिक (56), उज्ज्वल महंत (36) और पवित्र राय (42) हैं।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर अब तक करीब 5 लाख 68 हजार रुपये मूल्य के 142 चोरी के पाइप बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि कुल चोरी की कीमत करीब 20 लाख रुपये है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, 8 जुलाई 2026 को सरकारी ठेकेदार मानस कुमार साहा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि जल जीवन मिशन के तहत खरीदे गए पाइप देवीडांगा पूर्वपाड़ा स्थित एक खाली जमीन पर रखे गए थे। जांच में सामने आया कि 17 अप्रैल तक सभी पाइप मौजूद थे, लेकिन बाद में करीब 600 पाइप गायब मिले।
जांच के दौरान पुलिस ने साइट के नाइट गार्ड पवित्र राय से पूछताछ की, जिसमें उसने बताया कि पाइप सुपरवाइजर के निर्देश पर हटाए गए थे। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने अलीपुरद्वार, बागडोगरा समेत विभिन्न स्थानों से चोरी के पाइप बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया है, जबकि मामले में फरार सुपरवाइजर की तलाश जारी है।
