फांसीदेवा, 23 जुलाई (नि.सं.)। भारत-बांग्लादेश सीमा पर एक बार फिर एक बांग्लादेशी युवक को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार युवक की पहचान सैफुद्दीन अपूर्व के रूप में हुई है, जो बांग्लादेश के नोआखाली का निवासी है। बताया जा रहा है कि वह अवामी लीग के लिए पॉलिटिकल इंफ्लुएंसर के तौर पर काम करता था।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को फांसीदेवा के धनिया मोड़ इलाके में संदिग्ध रूप से घूमते देख स्थानीय लोगों ने युवक को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की और गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी मेघालय सीमा के रास्ते अवैध रूप से भारत में दाखिल हुआ था। वह पहले कोलकाता और फिर फांसीदेवा इलाके में घूम रहा था। उसके पास कोई वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर उसे अवैध प्रवेश के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार युवक को आज सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया गया। शुरुआती पूछताछ में उसने बताया कि वह अवामी लीग के समर्थन में विरोध प्रदर्शन करने के कारण बांग्लादेश में गिरफ्तार हुआ था और अपनी जान बचाने के लिए भारत भाग आया।
पुलिस ने उसके पास से बांग्लादेशी पासपोर्ट, भारतीय और बांग्लादेशी सिम कार्ड तथा नकदी बरामद की है। हालांकि, वह सिर्फ जान बचाने के लिए भारत आया या इसके पीछे कोई और मकसद है, इसकी जांच फांसीदेवा थाने की पुलिस कर रही है।
