सिलीगुड़ी, 21 जून(नि.सं.)। वरिष्ठ श्रमिक नेता आलोक चक्रवर्ती ने एक बार फिर आईएनटीयूसी में वापसी कर ली है। एक समय आईएनटीयूसी के राज्य सचिव रहे आलोक चक्रवर्ती ने बाद में संगठन छोड़कर तृणमूल कांग्रेस का दामन थाम लिया था, जहां उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी मिली। लेकिन वर्तमान राजनीतिक माहौल में राज्यभर में चल रहे दल-बदल के बीच उन्होंने अपने पुराने संगठन में लौटने का फैसला किया।
जानकारी के अनुसार, आईएनटीयूसी में वापसी के बाद उन्हें राज्य महासचिव का पद दिया गया है। साथ ही उत्तर बंगाल के आठ जिलों का प्रभारी भी बनाया गया है। इसके अलावा उन्हें नेशनल यूनियन ऑफ प्लांटेशन वर्कर्स विभाग का जनरल सेक्रेटरी भी नियुक्त किया गया है।
तृणमूल कांग्रेस छोड़ने के कारण पर आलोक चक्रवर्ती ने कहा कि वह पार्टी में रहते हुए आम लोगों के लिए काम नहीं कर पा रहे थे, इसलिए यह निर्णय लिया। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी के खिलाफ उनकी कोई शिकायत नहीं है। उन्होंने कहा कि मेहनतकश लोगों के हित में काम करने के लिए ही वह अपने पुराने संगठन में वापस आए हैं।
