सिलीगुड़ी,19 जुलाई (नि.सं.)। नशामुक्त समाज बनाने के उद्देश्य से सिलीगुड़ी नगर निगम के वार्ड नंबर 40 में ‘आमादेर उद्योग’ नामक स्वयंसेवी संगठन आगे आया है। संगठन की ओर से एक जागरूकता सभा और पदयात्रा का आयोजन किया गया, जिसके माध्यम से नशे के खिलाफ लोगों को जागरूक किया गया।
इस कार्यक्रम में प्रमुख समाजसेवी करीमुल हक और मुक्तधारा फाउंडेशन के सदस्य उपस्थित रहे। इसके अलावा विभिन्न वर्गों के लोगों ने भी इस अभियान में भाग लिया।
स्थानीय एक क्लब में आयोजित जागरूकता सभा में वक्ताओं ने नशे की लत के दुष्प्रभाव और समाज पर इसके असर के बारे में विस्तार से चर्चा की। साथ ही युवाओं से इस रास्ते से दूर रहने की अपील की गई।
इसके बाद एक पदयात्रा निकाली गई, जो वार्ड के विभिन्न इलाकों का परिक्रमा किया। इस पदयात्रा के जरिए आम लोगों तक नशा विरोधी संदेश पहुंचाने और जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया। संगठन के अनुसार, इस पहल का मुख्य उद्देश्य एक स्वस्थ और नशामुक्त समाज का निर्माण करना है।
