खोरीबाड़ी, 19 जुलाई (नि.सं.)। खोरीबाड़ी के बुड़ागंज स्थित पंथाबाड़ी मौजा में जमीन धोखाधड़ी के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम देबराज राय है। यह कार्रवाई शिकायतकर्ता हीरेन गोप की शिकायत के आधार पर की गई।
हीरेन गोप के अनुसार, वर्ष 2005 में पलाश सरकार नामक व्यक्ति ने उक्त जमीन खरीदी थी। उसी दाग में हीरेन और उनके भाई की भी जमीन है। 2006 में पलाश सरकार ने अपनी जमीन हीरेन को खेती के आधार पर दे दी। बाद में पलाश सरकार के लापता हो जाने के बावजूद हीरेन उस जमीन पर खेती करते रहे।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि वर्ष 2024 में जमीन माफिया गिरोह ने एक व्यक्ति को फर्जी पलाश सरकार बनाकर देबराज राय को जमीन बेच दी। देबराज ने रजिस्ट्री कराने के कुछ ही मिनटों के भीतर उसी जमीन को तीन अन्य लोगों को बेच दिया। आरोप है कि ये तीनों व्यक्ति इलाके में सिंडिकेट चलाकर जमीन की खरीद-फरोख्त का काम करते हैं।
हीरेन गोप ने बताया कि तृणमूल सरकार शासन काल में शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 28 जून को दोबारा शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के बाद आरोपी अमित बारुई, दीपंकर मंडल और स्वपन सरकार द्वारा धमकी और डराने-धमकाने का भी आरोप लगाया गया है।
नई शिकायत के बाद पुलिस ने देबराज राय को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, शिकायतकर्ता की मांग है कि इस मामले में शामिल अन्य तीन आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाए।
