सिलीगुड़ी, 19 जुलाई (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के सालबाड़ी इलाके में इंसानियत की मिसाल देखने को मिली, जहां ट्रैफिक पुलिस ने एक 72 वर्षीय भटके बुजुर्ग को सुरक्षित उनके परिवार से मिला दिया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम एक महिला सड़क पर भटक रहे बीमार बुजुर्ग बीर प्रसाद शर्मा को सालबाड़ी ट्रैफिक कार्यालय लेकर पहुंची। बुजुर्ग अपनी पहचान स्पष्ट रूप से बताने में असमर्थ थे।
इसके बाद ट्रैफिक गार्ड के ओसी और पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए जांच शुरू की और पता लगाया कि बुजुर्ग दार्जिलिंग जिले के रंगबांग के निवासी हैं। कड़ी मेहनत के बाद उनके बेटे विवेक शर्मा से संपर्क किया गया।
सूचना मिलते ही बेटा सालबाड़ी ट्रैफिक कार्यालय पहुंचा, जहां पुलिस ने बुजुर्ग को सकुशल उसके परिवार को सौंप दिया। इस संबंध में प्रधान नगर थाने को भी सूचित किया गया था। पुलिस की इस मानवीय पहल से परिवार ने राहत की सांस ली और स्थानीय लोगों ने भी इस कार्य की जमकर सराहना की।
