राजगंज, 04 अगस्त (नि.सं.)। एक आशा कर्मी की मौत को लेकर राजगंज ग्रामीण अस्पताल के सामने विभिन्न क्षेत्रों से आई आशा कर्मियों ने जोरदार प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल आशा कर्मी यूनियन के आह्वान पर राजगंज ब्लॉक के अलग-अलग इलाकों से आशा कर्मियों एकत्रित होकर अस्पताल के सामने विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि बांकुड़ा जिले के सालतोड़ा निवासी तथा गंगाजलघाटी ब्लॉक के गोपीनाथपुर सब-सेंटर की आशा कर्मी रुम्पा मंडल की मौत के लिए भाजपा विधायक चंदना बाउरी का व्यवहार जिम्मेदार है।
आरोप है कि हाल ही में आयुष्मान भारत के ई-केवाईसी कार्य को लेकर एक आशा कर्मी को विधायक द्वारा अपमानजनक भाषा में फटकारा गया था। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद आशा कर्मी के बीच मानसिक दबाव बढ़ गया।
बताया गया कि सोमवार सुबह रुम्पा मंडल की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद विभिन्न स्थानों पर आशा कर्मियों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान आशा कर्मियों ने विधायक चंदना बाउरी से इस्तीफे और बिना शर्त माफी की मांग की है। साथ ही उन्होंने आशा कर्मियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई।
