सिलीगुड़ी, 04 अगस्त (नि.सं.)। नशे की हालत में स्कूल वैन चलाने के आरोप में पुलिस ने एक चालक को हिरासत में लिया है। यह घटना नौकाघाट इलाके में सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, चालक स्कूल से बच्चों को उनके घर छोड़ने के लिए निकला था। इसी दौरान स्थानीय लोगों को संदेह हुआ कि वह नशे की हालत में वाहन चला रहा है। इसके बाद लोगों ने स्कूल वैन को रोककर न्यू जलपाईगुड़ी थाने की पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वैन को जब्त कर थाने ले गई। साथ ही बच्चों के परिवार वालों से संपर्क कर उन्हें सुरक्षित उनके घर पहुंचाया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी चालक का नाम स्वपन दे (56) है, जो डीएस कॉलोनी का निवासी है।
इस संबंध में स्कूल प्रबंधन ने बताया कि यह वाहन स्कूल का नहीं था, बल्कि केवल अनुमति दी गई थी। साथ ही यह शर्त रखी गई थी कि सभी ट्रैफिक नियमों का पालन करते हुए बच्चों को लाया-ले जाया जाएगा। स्कूल प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो, इसके लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे और संबंधित चालक को आगे वाहन चलाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। फिलहाल आरोपी चालक से पूछताछ की जा रही है।
