सिलीगुड़ी, 4 अगस्त (नि.सं.)। प्रधान नगर थाना क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता से एक बड़ी आपराधिक घटना टल गई। पुलिस ने डकैती की योजना बना रहे गिरोह के 5 बदमाशों को घटना को अंजाम देने से पहले ही गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, बीती रात पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस को थाना क्षेत्र के एक नंबर वार्ड में एक सुनसान स्थान पर कुछ लोग संदिग्ध अवस्था में खड़े दिखाई दिए। शक होने पर पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ और तलाशी ली, जिसमें डकैती की योजना का खुलासा हुआ।
इसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गिरोह के 5 बदमाशों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील तामांग (29), बुद्धा तामांग (42), सोनम तामांग (23), महेश विश्वकर्मा और अरुण विश्वकर्मा (24) के रूप में हुई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, ये सभी आरोपी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। हालांकि पुलिस को देखकर गिरोह के कुछ अन्य सदस्य मौके से फरार हो गए। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित मामले में मामला दर्ज कर उन्हें आज सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया है।
