नक्सलबाड़ी, 4 अगस्त (नि.सं.)। नदी से अवैध रूप से बालू ढोकर ले जा रहे एक ट्रैक्टर को पुलिस ने जब्त करते हुए चालक को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह नक्सलबाड़ी के बुधकरण जोत इलाके में पानीघाटा-नक्सलबाड़ी राज्य सड़क पर पुलिस ने एक बालू लदे ट्रैक्टर को रोका। चालक के पास आवश्यक दस्तावेज नहीं मिलने पर उसे बालू तस्करी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुजीत ग्वाला के रूप में हुई है, जो नक्सलबाड़ी के जाबरा इलाके का निवासी है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी ग्रीन ट्राइब्यूनल के निर्देशों की अनदेखी करते हुए चेंगा नदी से अवैध रूप से बालू निकालकर नक्सलबाड़ी की ओर ले जा रहा था।
आरोपी को आज सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया है। पुलिस ने बताया कि अवैध बालू कारोबार के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
