राजगंज, 4 अगस्त (नि.सं.)। डेंगू से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने राजगंज में बड़ा कदम उठाया है। राजगंज ग्रामीण अस्पताल में जल्द ही डेंगू जांच केंद्र शुरू होने जा रहा है।
यह पहली बार है जब जलपाईगुड़ी जिले के किसी ग्रामीण अस्पताल में डेंगू जांच की सुविधा उपलब्ध होगी। अब तक मरीजों को जांच के लिए जलपाईगुड़ी जिला अस्पताल या उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल जाना पड़ता था।
ब्लॉक स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जांच के लिए आवश्यक सभी उपकरण पहले ही अस्पताल में पहुंच चुके हैं और इस सप्ताह के भीतर ही डेंगू जांच शुरू कर दी जाएगी।
इधर, राजगंज ब्लॉक के विभिन्न अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में बुखार, सर्दी और खांसी से पीड़ित मरीजों की संख्या में भी बढ़ोतरी देखी जा रही है। खासकर बच्चों में ऐसे लक्षण ज्यादा सामने आ रहे हैं। हालांकि स्वास्थ्य अधिकारियों ने कहा है कि स्थिति को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है।
ब्लॉक स्वास्थ्य अधिकारी राहुल राय ने बताया कि किसी भी व्यक्ति में लक्षण दिखने पर जरूरत के अनुसार रक्त जांच पर विशेष जोर दिया जा रहा है। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि घर के आसपास कहीं भी पानी जमा न होने दें और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने यह भी बताया कि बहुत जल्द राजगंज ग्रामीण अस्पताल में डेंगू जांच केंद्र शुरू हो जाएगा, जिसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
