नक्सलबाड़ी, 4 अगस्त (नि.सं.)। रात के अंधेरे में नक्सलबाड़ी के लालपुल इलाके में राज्य सड़क से सांड चोरी की घटना में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 4 लोगों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, बीते शुक्रवार देर रात कुछ बदमाश एक वाहन में सांड को लादकर लालपुल राज्य सड़क से फरार हो गए थे। बाद में घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने पर स्थानीय लोगों ने नक्सलबाड़ी थाने में शिकायत दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
इसी मामले में कल रात नक्सलबाड़ी 2 नंबर एशियन हाईवे पर पुलिस नाका चेकिंग के दौरान नक्सलबाड़ी की ओर जा रही एक संदिग्ध गाड़ी को रोका गया। वाहन के अंदर रस्सी सहित कई सामान देखकर पुलिस को शक हुआ, जिसके बाद उसमें सवार लोगों से पूछताछ की गई।
पूछताछ के दौरान बयान में असंगति पाए जाने पर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर थाने ले आई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नूर आलम, मोहम्मद रफिस, सिद्दीक अली और मोहम्मद रफीकुल के रूप में हुई है। सभी बागडोगरा के हलाल बस्ती के निवासी बताए जा रहे हैं। आज सभी आरोपियों को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
