जलपाईगुड़ी, 4 अगस्त (नि.सं.)। नशे के खिलाफ मुख्यमंत्री से शिकायत के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। जलपाईगुड़ी शहर के इंदिरा कॉलोनी इलाके में पुलिस ने रातभर अभियान चलाकर नशीले पदार्थ बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, इलाके में लंबे समय से मादक पदार्थों की अवैध खरीद-फरोख्त की शिकायतें मिल रही थी। बताया जा रहा है कि बीते 27 तारीख को जलपेश मंदिर में पूजा देने जाने के दौरान शहर पहुंचे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के काफिले को रोककर स्थानीय युवकों ने नशे के कारोबार को लेकर शिकायत की थी।
शिकायत सुनने के बाद मुख्यमंत्री ने तुरंत कार्रवाई का आश्वासन दिया था। उसी के तहत सोमवार रात कोतवाली थाने कि पुलिस ने इलाके में विशेष अभियान चलाया।
हालांकि इस दौरान कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी, लेकिन पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में नशीले पदार्थ जब्त किए हैं। पुलिस का कहना है कि इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
