सिलीगुड़ी, 04 अगस्त (नि.सं.)। सड़क सुरक्षा सप्ताह के अवसर पर सिलीगुड़ी में एनजेपी ट्रैफिक गार्ड की ओर से एक विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। मंगलवार को रेल अस्पताल मोड़ इलाके में स्कूली छात्रों के साथ यह अभियान चलाया गया।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आम लोगों के बीच ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। हेलमेट के बिना बाइक और स्कूटी चलाने वाले तथा सीट बेल्ट नहीं पहनने वाले चार पहिया वाहन चालकों को रोककर उन्हें दंडित करने के बजाय अनोखे तरीके से जागरूक किया गया। पुलिस ने उन्हें खड़ा कर गुलाब का फूल भेंट किया और मिठाई खिलाकर नियमों का पालन करने का संदेश दिया।
इस दौरान केवल आम नागरिक ही नहीं, बल्कि सरकारी वाहनों को भी रोका गया और उन्हें भी इसी तरह फूल देकर सम्मानित किया गया तथा ट्रैफिक नियमों का पालन करने की सलाह दी गई। इस जागरूकता कार्यक्रम में एसीपी ट्रैफिक चंदन दास सहित एनजेपी ट्रैफिक गार्ड के अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
