खोड़ीबाड़ी, 29 जुलाई (नि.सं.)। ग्रीन ट्रिब्यूनल के निर्देश के अनुसार नदी घाटों से बालू उठाने का कार्य बंद है। इसके बावजूद खोड़ीबाड़ी बाजार से होकर अवैध रूप से लॉरी में बालू तस्करी किए जाने का मामला सामने आया है। मंगलवार देर रात स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं ने खोड़ीबाड़ी बाजार में एक संदिग्ध लॉरी को रोककर पकड़ लिया।
जानकारी के मुताबिक, नदी घाट बंद होने के बावजूद बालू तस्करी कैसे हो रही है, इस पर संदेह होने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने लॉरी को रोककर चालक से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान चालक के बयान और लॉरी के दस्तावेजों में गड़बड़ी पाई गई। इसके बाद खोड़ीबाड़ी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच करते हुए चालक समेत कुल 4 लोगों को हिरासत में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही भूमि एवं भूमि राजस्व अधिकारी प्रतिमा सुब्बा सहित अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लॉरी के दस्तावेजों की जांच कर अनियमितताओं की पुष्टि की और कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई करने के साथ-साथ भविष्य में लगातार अभियान चलाने की बात कही।
घटना की खबर मिलते ही फांसीदेवा विधानसभा के विधायक दुर्गा मुर्मू सहित कई भाजपा नेता भी मौके पर पहुंचे। विधायक ने पूरे मामले का निरीक्षण किया और खोड़ीबाड़ी थाने के प्रभारी अधिकारी तथा भूमि राजस्व अधिकारी प्रतिमा सुब्बा के साथ आपात बैठक किया।
विधायक दुर्गा मुर्मू ने कहा कि सरकारी निर्देश और ग्रीन ट्रिब्यूनल की स्पष्ट रोक के बावजूद खोड़ीबाड़ी और आसपास के इलाकों में जिस तरह अवैध बालू तस्करी और डंपिंग हो रही है, उसे किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि राज्य में किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधियों को चलने नहीं दिया जाएगा।
