राजगंज, 29 जुलाई (नि.सं.)। क्षेत्र की सुरक्षा को और मजबूत करने तथा अपराध पर नियंत्रण के लिए सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस के भोरेर आलो थाना ने विशेष पहल की है। निगरानी बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न इलाकों की दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की गई है।
भोरेर आलो थाना के ओसी सुदीप दत्त ने आमबाड़ी और साहुडांगी समेत आसपास के विभिन्न इलाकों में जाकर दुकानदारों और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के मालिकों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने सभी से अपने-अपने प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का अनुरोध किया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सीसीटीवी कैमरे न केवल दुकानों की सुरक्षा बढ़ाते हैं, बल्कि पूरे इलाके की सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत करते हैं। चोरी, छिनतई, असामाजिक तत्वों के हमले या किसी अन्य अप्रिय घटना की स्थिति में पुलिस तुरंत फुटेज हासिल कर जांच शुरू कर सकती है, जिससे आरोपियों की पहचान करना आसान हो जाता है।
इसी के मद्देनजर सभी दुकानों और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों से उनके प्रवेश द्वार और सामने की सड़क को कवर करते हुए सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की गई है। भोरेर आलो थाना की इस पहल का क्षेत्र के व्यवसायियों ने स्वागत किया है।
