उत्तर बंगाल, समाचार, सिलीगुड़ी
सिलीगुड़ी में नशे के खिलाफ आवाज उठाने पर बीजेपी कार्यकर्ताओं पर हमला, इलाके में तनाव
सिलीगुड़ी, 16 मई (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के टिकियापाड़ा इलाके में नशा विरोधी अभियान चलाने गए दो बीजेपी कार्यकर्ताओं पर हमला किया गया। शुक्रवार रात मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ प्रचार करते समय कुछ बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि नशे के कारोबार से जुड़े लोगों ने ही दोनों कार्यकर्ताओं की बेरहमी से पिटाई की। इस घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, टिकियापाड़ा क्षेत्र में लंबे समय से नशे के कारोबार को लेकर लोगों में डर और नाराज़गी थी। इसी के विरोध में शुक्रवार रात बीजेपी नेता और कार्यकर्ता नशा विरोधी अभियान चला रहे थे। उसी दौरान आरोपियों ने दो कार्यकर्ताओं पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना के बाद सिलीगुड़ी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
शनिवार सुबह शंकर घोष अस्पताल जाकर घायल कार्यकर्ताओं से मिले। उन्होंने पूरे मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों से भी बातचीत की। विधायक को सामने देखकर घायल कार्यकर्ता भावुक हो गए और रो पड़े।
शंकर घोष ने उन्हें हर संभव मदद और समर्थन का भरोसा दिलाते हुए कहा कि इलाके में नशे के कारोबार को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
