नक्सलबाड़ी, 11 जुलाई (नि.सं)। विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने और छात्रों में गणित व वैज्ञानिक सोच विकसित करने के उद्देश्य से नक्सलबाड़ी शारदा विद्यामंदिर में गणित एवं विज्ञान मेले का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राज्य के प्रति मंत्री आनंदमय बर्मन और इसरो की वैज्ञानिक शर्मिष्ठा भट्टाचार्य पांडे विशेष रूप से उपस्थित रही।
मेले में छात्रों ने गणित और विज्ञान से जुड़े विभिन्न मॉडलों का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में अन्य विद्यालयों के शिक्षक भी जज के रूप में मौजूद थे। इस मेले में कुल 472 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिसमें गणित और विज्ञान के 226 मॉडल तथा अन्य विषयों के 246 मॉडल प्रदर्शित किए गए।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सुजीत दास ने बताया कि इस मेले के माध्यम से गणित और विज्ञान के व्यावहारिक पहलुओं को छात्रों के सामने प्रस्तुत किया गया है, जिससे उनकी इन विषयों के प्रति रुचि और बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि विज्ञान के जरिए मानव कल्याण के साथ-साथ छात्र भविष्य में अंतरिक्ष अनुसंधान में भी योगदान दे सकेंगे।
वहीं, इसरो की वैज्ञानिक शर्मिष्ठा भट्टाचार्य पांडे ने कहा कि भारत के अपने स्पेस स्टेशन को लेकर हम आशावान हैं। 2040 तक देश का खुद का स्पेस स्टेशन होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि पृथ्वी पर बढ़ती समस्याओं के बीच अंतरिक्ष स्टेशन भविष्य में काफी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
