सिलीगुड़ी, 11 जुलाई (नि.सं)। न्यू जलपाईगुड़ी (एनजेपी) रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरायघाट एक्सप्रेस ट्रेन के एसी टू-टियर कोच से करीब 7.5 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित बाजार मूल्य करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है।
जीआरपी सूत्रों के अनुसार, पुलिस को पहले से गुप्त सूचना मिली थी कि डाउन सरायघाट एक्सप्रेस के एसी टू-टियर कोच के जरिए गांजे की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम एनजेपी रेलवे स्टेशन पर तैनात हो गई और ट्रेन के पहुंचने का इंतजार करने लगी।
रात जैसे ही सरायघाट एक्सप्रेस एनजेपी स्टेशन पहुंची, सादे कपड़ों में मौजूद जीआरपी कर्मियों ने तुरंत एसी टू-टियर कोच में तलाशी अभियान शुरू किया। इस दौरान संदेह के आधार पर कैलाश राय को हिरासत में लिया गया। आरोपी जलपाईगुड़ी जिले का निवासी बताया गया है।
पूछताछ के दौरान पता चला कि आरोपी धुपगुड़ी रेलवे स्टेशन से ट्रेन में सवार होकर हावड़ा जा रहा था। इसके बाद उसके सामान की तलाशी ली गई, जहां से करीब 7.5 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
जीआरपी ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आज आरोपी को रिमांड की मांग के साथ जलपाईगुड़ी अदालत में पेश किया गया। फिलहाल जीआरपी पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
