फुलबाड़ी में लापता व्यक्ति का शव महानंदा नदी से बरामद, मौत को लेकर रहस्य

फुलबाड़ी, 5 जून (नि.सं.)। तीन दिन से लापता एक व्यक्ति का शव महानंदा नदी से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान शांतिपाड़ा निवासी विश्वनाथ दास के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, पेशे से पेंटर विश्वनाथ दास पिछले तीन दिनों से लापता थे। परिवार के लोगों ने उन्हें काफी तलाश किया, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। गुरुवार को नदी किनारे उनका मोबाइल फोन, पर्स और साइकिल की चाबी मिलने के बाद तलाश और तेज कर दी गई।

शुक्रवार शाम कामरांगागुड़ी इलाके में महानंदा नदी में एक शव देखा गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही न्यू जलपाईगुड़ी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला।

बाद में परिजनों ने शव की पहचान विश्वनाथ दास के रूप में की। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह हादसा, आत्महत्या या किसी अन्य कारण से हुई मौत है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज व अस्पताल भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes