उत्तर बंगाल, समाचार, सिलीगुड़ी
सिलीगुड़ी में संदिग्ध वस्तु से बम का खौफ, इलाके में मची अफरा-तफरी
सिलीगुड़ी, 10 मई (नि.सं.)। शहर के प्रधानपाड़ा पाइपलाइन इलाके में शनिवार देर रात एक संदिग्ध वस्तु मिलने से बम का डर फैल गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों ने सबसे पहले इस संदिग्ध वस्तु को देखा, जिसके बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही भक्तिनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर पूरे क्षेत्र को घेर लिया। साथ ही बड़ी संख्या में केंद्रीय बल भी तैनात किए गए।
बाद में सेना की बम निरोधक टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध वस्तु को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित स्थान पर ले गई। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह एक आर्टिलरी शेल है।
सेना के अनुसार, संभावना जताई जा रही है कि सिक्किम में हाल ही में आई बाढ़ के दौरान यह विस्फोटक बहकर यहां पहुंचा हो और किसी के हाथ लगने के बाद डर के कारण उसे इलाके में छोड़ दिया गया हो।
