सिलीगुड़ी, 23 अगस्त (नि.सं.)। सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस की एसओजी और प्रधान नगर थाने की पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर एक आरोपी को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रतन राय के रूप में हुई है। वह सिलीगुड़ी के वार्ड नंबर 45 स्थित बाघाजतिन कॉलोनी का निवासी है। पुलिस ने उसके टोटो की सीट के नीचे से करीब 300 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है।
सूत्रों के अनुसार, एसओजी और प्रधान नगर पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि निवेदिता रोड इलाके में एक टोटो के जरिए ब्राउन शुगर की सप्लाई की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस की टीम ने इलाके में अभियान चलाया। इसी दौरान संदेह के आधार पर टोटो को रोककर उसकी तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान टोटो की सीट के नीचे छिपाकर रखा गया ब्राउन शुगर का एक पैकेट बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने टोटो चालक रतन राय को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का दावा है कि आरोपी को करीब चार वर्ष पहले भी ब्राउन शुगर तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था और वह लंबे समय तक जेल में रहा था। जेल से बाहर आने के बाद वह टोटो चालक के रूप में काम करने लगा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को सोमवार को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया जाएगा। मामले की जांच जारी है।
