खोरीबाड़ी, 23 अगस्त (नि.सं.)। सरकारी जमीन पर कब्जा कर अवैध रूप से बेचने के आरोप में पुलिस ने दो और लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के नाम दिगेन सिन्हा और उत्तम बर्मन हैं। दोनों को तृणमूल कांग्रेस नेता के रूप में जाना जाता है।
खोरीबाड़ी के भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में मेची मार्केट व्यवसायी वेलफेयर एसोसिएशन ने वर्ष 2020 में राज्य सरकार से 7.92 एकड़ जमीन लीज पर ली थी। आरोप है कि लीज पर मिली जमीन के अलावा करीब 3.61 एकड़ सरकारी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर उसे बेचा गया।
गत 8 अगस्त को फांसीदेवा के भाजपा विधायक दुर्गा मुर्मू ने सरकारी जमीन पर कब्जा करने और फर्जी दस्तावेज तैयार कर विभिन्न लोगों को जमीन बेचकर करोड़ों रुपये की ठगी करने का आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर जांच शुरू करते हुए पुलिस ने हांद्रु उरांव को गिरफ्तार किया था। हांद्रु उरांव मेची मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष, पूर्व प्रधान और तृणमूल कांग्रेस नेता के रूप में इलाके में परिचित हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हांद्रु उरांव से पूछताछ के बाद ही पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आज दोनों आरोपियों को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया जाएगा।
वहीं, आरोपियों का कहना है कि वे मेची मार्केट व्यवसायी वेलफेयर एसोसिएशन में शामिल नहीं थे। उनका आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ता होने के कारण ही उन्हें गिरफ्तार किया गया है।
