सिलीगुड़ी, 22 अगस्त (नि.सं.)। सिलीगुड़ी के बाघाजतिन पार्क इलाके में शनिवार दोपहर एक खाने की दुकान में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग दुकान के अंदर फैल गई, जिसके बाद दुकान में मौजूद कर्मचारी और ग्राहक तुरंत बाहर निकल आए। हालांकि, घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दमकल विभाग के प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी हो सकती है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। वहीं, स्थानीय एक व्यवसायी ने आरोप लगाया कि दुकान में किसी तरह का अग्निशमन यंत्र या सुरक्षा व्यवस्था मौजूद नहीं थी।
