सिलीगुड़ी, 22 अगस्त (नि.सं.)। ट्रेनों के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जीआरपी की एसओजी टीम ने डाउन तिस्ता-तोर्सा एक्सप्रेस से करीब 25 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इस मामले में दो यात्रियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोमनाथ साहा (35), नवद्वीप निवासी और रूपाली राय (31), भक्तिनगर थाना क्षेत्र निवासी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर ट्रेन के जरिए गांजा तस्करी की जानकारी मिलने के बाद जीआरपी एसओजी की टीम ने अभियान चलाया। डाउन तिस्ता-तोर्सा एक्सप्रेस के एसी ए-1 कोच में तलाशी के दौरान दो संदिग्ध यात्रियों को हिरासत में लिया गया। इसके बाद उनके पास मौजूद दो बैग और एक लगेज बैग की तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।बरामद गांजे का कुल वजन 24 किलो 700 ग्राम बताया गया है। जब्त मादक पदार्थ की बाजार कीमत कई लाख रुपये आंकी जा रही है।
जीआरपी के अनुसार, दोनों आरोपी धुपगुड़ी से ट्रेन में सवार हुए थे और नवद्वीप जा रहे थे। पुलिस का प्राथमिक अनुमान है कि दोनों गांजे की तस्करी के उद्देश्य से ट्रेन से यात्रा कर रहे थे।
जीआरपी ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। एनजेपी जीआरपी ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों को शनिवार को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की है।
