फांसीदेवा , 25 अगस्त (नि.सं.)। यात्री बस के जरिए मादक पदार्थो की तस्करी की साजिश का पर्दाफाश करते हुए एसटीएफ ने 300 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, कोलकाता से सिलीगुड़ी जा रही एक यात्री बस को 27 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर फांसीदेवा के घोषपुकुर मोड़ पर एसटीएफ ने रोका। संदेह के आधार पर एक व्यक्ति से पूछताछ की गई, जिसके जवाबों में असंगति मिलने पर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से 300 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।
इसके बाद मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए फांसीदेवा थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान मोहम्मद अब्दुर रहमान के रूप में हुई है, जो मालदा जिले के कालियाचक का निवासी है। उसे आज सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया जाएगा। फांसीदेवा थाने की पुलिस आगे की जांच में जुट गई है।
