राजगंज में राष्ट्रवादी लोकशिल्पी विकास मंच का पहला सम्मेलन आयोजित 

राजगंज, 23 अगस्त (नि.सं.)। राष्ट्रवादी लोकशिल्पी विकास मंच का पहला सम्मेलन राजगंज के बेलाकोबा पब्लिक क्लब भवन में आयोजित किया गया। सम्मेलन में राजगंज ब्लॉक के विभिन्न इलाकों से बड़ी संख्या में लोक कलाकार और संगठन के सदस्य शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत राजगंज के विधायक दिनेश सरकार द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुई। इसके बाद दीप प्रज्वलित कर सम्मेलन का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में राजगंज पंचायत समिति की अध्यक्ष मोनिका अधिकारी, उपाध्यक्ष निताई मंडल, देवाशीष दे, तपन राय, नकुल दास सहित संगठन के अन्य सदस्य और विशिष्ट लोग मौजूद रहे।

सम्मेलन में राजगंज ब्लॉक के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोक कलाकारों ने अपनी समस्याएं और मांगें सामने रखी। लोक कलाकारों को विभिन्न सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने, उनकी कला और संस्कृति को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत करने तथा उनके साथ खड़े होने सहित कई मुद्दों पर चर्चा की गई।

इस दौरान राजगंज के विधायक दिनेश सरकार ने कहा कि राष्ट्रवादी लोकशिल्पी विकास मंच की पहल पर राजगंज ब्लॉक में पहली बार इस तरह के सम्मेलन का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि उत्तर बंगाल के लोक कलाकार इस क्षेत्र का गौरव हैं। उनकी कला और लोक संस्कृति को केवल उत्तर बंगाल तक सीमित न रखकर पूरे देश में पहुंचाने के लिए पहल करनी होगी। इस कार्य में सरकार लोक कलाकारों के साथ है और उनके विकास के लिए आवश्यक सहयोग किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Built with ❤︎ by appycodes