जलपाईगुड़ी, 25 अगस्त (नि.सं.)। चीनी की बढ़ती कीमतों का असर अब चाय की प्याली पर भी दिखने लगा है। जलपाईगुड़ी शहर में चीनी महंगी होने के कारण कई चाय दुकानदारों ने चाय के दाम बढ़ा दिए हैं।
अधिकांश लोगों की सुबह एक कप चाय से शुरू होती है। लेकिन अब उसी चाय के लिए लोगों को पहले से ज्यादा पैसे चुकाने पड़ रहे हैं। शहर की अलग-अलग चाय दुकानों पर कहीं प्रति कप 1 रुपये, तो कहीं 2 रुपये तक दाम बढ़ा दिए गए हैं।
दुकानदारों का कहना है कि बाजार में चीनी की कीमत लगभग 70 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है। इससे चाय बनाने की लागत काफी बढ़ गई है और पुराने दाम पर चाय बेचना मुश्किल हो गया है।
वहीं, चाय की कीमत बढ़ने से आम ग्राहकों की जेब पर भी असर पड़ा है। रोजाना चाय पीने वालों को अब हर दिन अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है।
