सिलीगुड़ी, 27 अगस्त (नि.सं.)। सिलीगुड़ी शहर में चल रहे अंडरग्राउंड केबलिंग कार्य को लेकर नई समस्या खड़ी हो गई है। कई इलाकों में पुराने बिजली के पोल हटाए जाने के बावजूद केबल और इंटरनेट तारों की उचित व्यवस्था नहीं किए जाने से आम लोगों को परेशानी हो रही है। शहर की कई सड़कों पर तार बेतरतीब तरीके से पड़े हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका के साथ-साथ सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं। इस समस्या के तत्काल समाधान की मांग को लेकर सिलीगुड़ी केबल एवं इंटरनेट एसोसिएशन की ओर से नगर निगम में ज्ञापन सौंपा गया।
संगठन का आरोप है कि पिछली बोर्ड के दौरान भी बैठकों में बुलाए जाने के बावजूद उन्हें अपनी बात रखने का मौका नहीं दिया जाता था। वर्तमान में भी बिना चर्चा के काम किया जा रहा है, जिससे सेवा उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
संगठन ने आरोप लगाया कि नगर निगम कमिश्नर से कई बार संपर्क करने की कोशिश के बावजूद मुलाकात का समय नहीं मिला है। गुरुवार को भी कमिश्नर की अनुपस्थिति में एक अन्य अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया है।
संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो 21 सितंबर से पूरे सिलीगुड़ी शहर में केबल टीवी और इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी जाएंगी।
