सिलीगुड़ी, 27 अगस्त (नि.सं.)। कैलाश मानसरोवर दर्शन के लिए गए सिलीगुड़ी के एक युवक के नेपाल में भयावह बाढ़ की चपेट में आने के बाद लापता होने की खबर है। लापता युवक की पहचान समर मंडल के रूप में हुई है। वह सिलीगुड़ी के शांतिनगर बऊबाजार इलाके का रहने वाला है।
समर 16 अगस्त को कैलाश मानसरोवर के लिए सिलीगुड़ी से रवाना हुए थे। उन्होंने राजस्थान की एक ट्रैवल एजेंसी के जरिए यात्रा की बुकिंग कराई थी। सिलीगुड़ी से नेपाल और फिर तिब्बत पहुंचे थे। वहां बीमार पड़ने के बाद वह वापस लौट रहे थे।
बुधवार सुबह करीब 5 बजे आखिरी बार उनकी पत्नी से फोन पर बात हुई थी। उन्होंने बताया था कि वह नेपाल-तिब्बत सीमा के इमिग्रेशन कार्यालय में हैं और प्रक्रिया पूरी होने के बाद नेपाल में प्रवेश करेंगे। इसके बाद नेपाल में बाढ़ की खबर सामने आने पर परिवार ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन गुरुवार तक संपर्क नहीं हो सका है।
समर के परिजन नेपाल के लिए रवाना हो गए हैं। साथ ही नेपाल प्रशासन और पश्चिम बंगाल सरकार को भी मामले की जानकारी दी गई है। गुरुवार को विधायक शिखा चटर्जी ने शांतिनगर पहुंचकर परिवार से मुलाकात की और युवक की तलाश के लिए राज्य सरकार के अधिकारियों से बात करने का आश्वासन दिया।
